जमानिया। तेरहवीं में शामिल होने गए नगर पालिका अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता पर जानलेवा हमला और मारपीट करने का मामला आया है। मंगलवार को पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष की तहरीर दो नामजद और तीन अज्ञात पर प्राथमिकी दर्जकर विधिक कार्रवाई में जुट गई।
कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि वार्ड संख्या 25 निवासी और नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने तहरीर देकर जानकारी दी कि वह बीते 19 जनवरी की रात करीब 10 बजे तेरही के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां बैठकर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। तभी पीछे से आए नारायण दास चौरसिया उर्फ टुनटुन, राकेश चौरसिया और उनके तीन अन्य साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप लगाया कि आरोपियों ने जानलेवा वार कर दिया। आरोपियों ने मारपीटकर घायल कर दिया। घटनास्थल पर मौजूद अमित कुमार वर्मा और घुरहु पासवान ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर मारपीट करते रहे। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।