लंका मैदान में रावण दहन के दौरान पुतला देखते लोग। संवाद
गाजीपुर। अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरि शंकरी की ओर से राम लीला के 16वें दिन बृहस्पतिवार को रामलीला मैदान लंका में रावण वध विजयदशमी का मंचन किया गया। लीला में राम-रावण युद्ध में प्रभु श्री राम ने रावण का वध किया। इसके बाद कमेटी के संरक्षक जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं कमेटी के सह संरक्षक पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से इलेक्ट्रिक बटन दबाकर रावण का पुतला दहन किया गया। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं देते हुए संदेश दिया कि समाज से बुराई, अहंकार, अन्याय और असत्य का अंत होना चाहिए। कार्यक्रम में एएसपी नगर, एसडीएम सदर, सीओ नगर, कोतवाली प्रभारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
इसके पहले रामलीला में मेघनाद और कुंभकरण के मारे जाने के बाद लंका नरेश महाराज रावण राम से युद्ध करने चतुरंगिणी सेना के साथ चल देते हैं। युद्धभूमि में पहुंचकर राम-लक्ष्मण को ललकारता है। रावण की बात सुनकर राम-लक्ष्मण अपनी वानरी सेना ओ के साथ युद्ध भूमि में आते हैं। दोनों दलों में घमासान युद्ध शुरू हो जाता है। अंत में रावण के छोटे भाई विभीषण ने श्री राम के कानों के आकर पास आकर श्री राम से कहते हैं की प्रभु लंका नरेश महाराज रावण के नाभि में अमृत है अतः आप आप अग्निबाण प्रयोग करें। विभीषण की बात सुनकर श्री राम ने अग्निबाण का अनुसंधान कर रावण पर चलाया। अग्निबाण नाभि में लगते ही रावण ही राम कह धराशाई हो जाते हैं। इसके बाद श्री राम ने अपने छोटे भाई लक्ष्मण को लेकर रावण के पास जाते हैं और शिव भक्त महाराज रावण को हाथ जोड़कर प्रणाम करते हैं। रावण ने कहा कि हे राम विभीषण ने हमें बहुत समझने की चेष्टा की कि युद्ध न होने पाए, लेकिन मैंने आवेश में आकर उसे लात मार कर राज्य से निष्कासित कर दिया। मैंने अपनों को ठुकराया और आपने दूसरों को अपनाया यही कारण है कि मैं आपसे पराजित हो गया। इतना कहने के बाद रावण प्रभु श्री राम को प्रणाम करने के साथ अपने नश्वर शरीर को प्रभु श्री राम के सामने ही त्याग देता है।
इनकी रही मौजूदगी-इस अवसर पर कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष गोपाल जी पांडे, मंत्री ओमप्रकाश तिवारी के अलावा लक्ष्मी नारायण, लव कुमार त्रिवेदी, मनोज कुमार तिवारी, मयंक तिवारी, अनुज अग्रवाल, राजेश प्रसाद, अशोक कुमार अग्रवाल, प्रमोद कुमार गुप्ता, राजेंद्र विक्रम सिंह, अजय पाठक, सुधीर कुमार अग्रवाल, अजय कुमार अग्रवाल, कृष्णांश त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
रावण दहन के दौरान मुस्तैद रही पुलिस-रामलीला मैदान स्थित लंका में बृहस्पतिवार को आयोजित रावण पुतला दहन और मेला में आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस सुबह से ही मुस्तैद नजर आई। रावण दहन कार्यक्रम पूरा होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मेले व दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस की मॉनीटरिंग की और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मोहम्मदाबाद : दशहरा मेला और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद ने पुलिस फोर्स के साथ लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग की। इस दौरान उन्होंने पैदल गश्त कर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सैदपुर: क्षेत्राधिकारी सैदपुर ने पुलिस फोर्स के साथ लगातार भ्रमण किया। उधर, जखनिय में उपजिलाधिकारी जखानियां व क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा ने थाना शादियाबाद पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्र में भ्रमण किया।