कोतवाली क्षेत्र के धरवार गांव के उत्तरी छोर पर शुक्रवार की दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे के किनारे खोदे गए गड्ढे के पानी में एक युवक का शव उतराया हुआ मिला। युवक तीन दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। सूचन पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धरवार निवासी सतीश राजभर (25 ) मिठाई बनाने का काम करता था। वह तीन दिन पूर्व घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। गांव के उत्तरी छोर पर पूर्वांचल एक्सप्रेस- वे के किनारे निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे के पास दोपहर में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर गड्ढे के पानी में एक उतराये शव पर पड़ी। वह चिल्लाते हुए गांव के तरफ गए और ग्रामीणों को जानकारी दी। इधर देखते ही देखते घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों पानी से शव को बाहर निकाला। इधर जानकारी होते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और शव देखकर रोने- बिलखने लगे। तीन भाइयों में मृतक सबसे छोटा था। घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मृतक के पिता नारायण राजभर की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।