रेवतीपुर के शुक्ल टोली मोहल्ले में रोते-बिलखते मृतक गोविंद शुक्ल के परिजन। संवाद
रेवतीपुर। थानाक्षेत्र के स्थानीय गांव के शुक्ल टोली में एक दिन पहले घर से पूजा के लिए फूल लेने निकले 18 वर्षीय युवक का शव बृहस्पतिवार को मकान के पास ही कुएं में मिला। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मद्द से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। थाना के प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि, मृतक के पिता गोविंद शुक्ला ने तहरीर देकर बताया कि, तीन पुत्रों में सबसे बड़ा गोविंद शुक्ला (18) कक्षा-10वीं का छात्र था। बुधवार की सुबह मां रेनू शुक्ला को मकान से मात्र 50 मीटर दूर स्थित शिवाला परिसर में लगे पौधों से पूजा के लिए फूल लेने को कहकर निकला था। लेकिन, देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद पूरी रात उसकी खोजबीन की गई। इसके बावजूद उसका कहीं पता नहीं चला। बृहस्पतिवार की सुबह शिवाला में पूजा के लिए पहुंचे लोगों ने परिसर के ही कुएं में गोविंद का शव मिलने की जानकारी दी। बड़े पुत्र गोविंद की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। मां रेनू शुक्ला पुत्र को यादकर रोते-रोते बार-बार बेहोश हो जा रही थी।
प्रभारी निरीक्षक राजू दिवाकर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेवतीपुर के शुक्ल टोली मोहल्ले में रोते-बिलखते मृतक गोविंद शुक्ल के परिजन। संवाद