गाजीपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ीबाग स्थित कांशीराम आवास के ठीक सामने फार्म हाउस परिसर में एक मोटर मकैनिक की हत्या कर शव गेहूं के खेत में फेंक दिया गया। वाकया उस समय हुआ जब वह सकलेनाबाद स्थित मोटर गराज से बृहस्पतिवार की रात घर लौट रहा था। उधर हत्या की खबर मिलते ही जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य, पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह, एसपी सिटी प्रदीप दुबे समेत अन्य अफसर मौके पर पहुंच गए और मामले की छानबीन शुरू कर दी। एसपी ने सीओ नगर ओजस्वी चावला के नेतृत्व में टीम गठित कर घटना का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया है। पुलिस फिलहाल कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। उधर मृतका की पत्नी ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के आमला थाना जोका निवासी जावेद खां का पूरा परिवार दो दशक पहले जनपद में आया। वह महाराजगंज में रहकर एक गराज पर वाहन मरम्मत का काम सीखने लगा। करीब 12 साल पहले उसकी शादी सहजादी के साथ हुई। तब से वह पत्नी के साथ कांशीराम आवास में रहने लगा। यहां उसने एक छोटी सी किराने की दुकान भी चलाता था। इसके साथ वह सकलेनाबाद स्थित मोटर गराज पर मैकेनिक का कार्य भी करता था। बीती रात गराज पर काम करने गया था, लेकिन देर रात तक घर लौटकर नहीं आया। पत्नी और बच्चे पूरी रात उसकी राह देखते रहे। सुबह पता चला कि जावेद खां (35) की हत्या कर शव फार्म हाउस के कटे गेहूं के खेत में फेंका गया है। शहर कोतवाल धनंजय मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। मृतक की पत्नी का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वह केवल अपने काम से मतलब रखते थे। जावेद की हत्या क्यों की गई? घटना के पीछे क्या कारण है? उसकी किससे दुश्मनी थी? वारदात को किसने अंजाम दिया है यह रहस्य बना हुआ है? इस मामले में पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का है। युवक की गला दबाकर हत्या की गई। इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। इस प्रकरण में सीओ नगर ओजस्वी चावला तथा शहर कोतवाल धन्नजय मिश्र को लगाया गया है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। बहुत जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।