तिलक समारोह से घर वापस घर लौटते समय हादसा
दूसरे बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर/ मरदह। शहर कोतवाली के नगवा चट्टी पुलिया के पास सड़क पर पड़े पत्थर से अनियंत्रित होकर बाइक पलटने से दो युवकों की मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी बुजुर्गा गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के बाद घर वापस जा रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायलों का उपचार चल रहा है। इधर सड़क हादसे की जानकारी होते ही परिजनों में मातम फैल गया।
मरदह थाना क्षेत्र के भोजापुर बगही बासी का पुरा मौजा निवासी रामबचन राजभर की पुत्री का तिलक चढ़ाने के लिए परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण बुजुर्गा गांव गए हुए थे। वहां से करीब 11 बजे दो बाइक पर सवार होकर पांच युवक घर निकले। नगवा चट्टी पुलिया के पास सड़क पर पड़े पत्थर पर बाइक चढ़ गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी टकरा गई। हादसे में चंदन राजभर (22), अभय राजभर (21), गौतम राजभर (22), गोलू राजभर (20) और अन्नू राजभर (25) गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिवार के लोग देर रात उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने चंदन राजभर और अभय राजभर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायलों का उपचार शुरू कर दी। इधर घटना की जानकारी होते ही परिवार और गांव के अन्य लोग भी रोते- बिलखते जिला अस्पताल पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दी। दूसरे दिन कागजी कार्रवाई के बाद दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
00000000
हादसे में जख्मी महिला की अस्पताल ले जाते समय दुबारा दुर्घटना में मौत
अनियंत्रित बाइक से गिरकर घायल हुई थी महिला, ले जाया जा रहा था पीएचसी
संवाद न्यूज एजेंसी
जमानिया। नियति का खेल भी अजीब है। बाइक हादसे में जख्मी महिला की अस्पताल ले जाते समय दूसरी दफा हादसे में मौत हो गई। शनिवार की शाम अभईपुर के पास अनियंत्रित बाइक से गिरकर महिला घायल हो गई थी। आस-पास के ग्रामीण मां- पुत्र को उपचार के लिए मैजिक वाहन से पीएचसी लेकर आ रहे थे कि बरूईन नहर पुलिया के पास स्कार्पिंयो से टक्कर हो गई। हादसे में महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।
बिहार के भभुआ जनपद के डुमरैत गांव निवासी कांति देवी (48) अपने पुत्र के साथ महली स्थित रिश्तेदारी में जा रही थी। नईबाजार देवइथा मार्ग पर बाइक सवार से लिफ्ट मांगकर पुत्र के साथ बैठ गई। तेज रफ्तार बाइक अभईपुर गांव के पास अनियंत्रित हो गई। हादसे में महिला गिरकर घायल हो गई। आस-पास के ग्रामीण ने उसे उपचार के लिए मैजिक वाहन से जमानिया पीएचसी लेकर आए रहे थे कि बरुईन नहर पुलिया के पास स्कार्पियो और मैजिक की भिड़ंत हो गई। इससे महिला गंभीर रूप से पुन: घायल हो गई। लोग किसी तरह से महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ रविरंजन ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके पुत्र गोलू (12) का प्राथमिक उपचार किया गया।