गाजीपुर। मुहम्मदाबाद कोतवाली के रघुवरगंज पेट्रोल पंप पर सोमवार की देर शाम स्कार्पियों में तेल भरवा रहे न्यायीपुर (विद्यापुर) के पूर्व प्रधान सहित छह पर हमलावरों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। पूर्व प्रधान को वाहन से नीचे उतारकर मारने के साथ घसीटते हुए निवस्त्र कर दिया। वहीं उसके भतीजे को मारने-पीटने के साथ अपहरण कर जोग ताल में ले जाकर जान से मारने की धमकी देते हुए छोड़ दिया। घायल पूर्व प्रधान का उपचार मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में चल रहा है। इधर पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर आरोपियों को चिन्हित करने में जुटी हुई है। हालांकि पीड़ित की ओर से अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान भरत कुमार उर्फ भागी ने बताया कि राजनीतिक रंजिश को लेकर न्यायीपुर गांव दबंगों ने कई बार जानलेवा हमला किया है। वर्ष 2015 में जान से मारने की नियत से गोली चलाई थी। वर्ष 2020 में पुन: हमला किया गया, जिससे गोली हाथ में लगी थी। बीते 22 जनवरी को दबंगों के परिवार के लोग घर में झांकने लगे। मना करने में परिजनों से मारपीट किए। जब बरेसर थाने को सूचना दी गई तो पुलिस ने डांटकर भगा दिया। बताया कि सोमवार की शाम मुहम्मदाबाद कचहरी स्कार्पियों से भतीजे कन्हैया और अन्य लोगों के साथ आया था। वहां से रघुवरगंज पेट्रोल पंप पर आकर वाहन में तेल भरवा रहा था कि हमलावर ओमप्रकाश अपने साथियों के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे और जानलेवा हमला कर दिए। रॉड और लाठी डंडे से मारने-पीटने के साथ निवस्त्र करने के बाद फरार हो गए। साथ ही भतीजा कन्हैया का अपहरण कर जोगा ताल में लेकर गए और मारने-पीटने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए छोड़ दिए। इधर मुहम्मदाबाद पुलिस पेट्रोल टंकी पर लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुटी हुई है।