लठ्ठूडीह। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र मंगई नदी पुल के पास शुक्रवार की रात दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस के लिए फोन किया। फोन करने के करीब 40 मिनट बाद भी एंबुलेंस के नहीं पहुंची तो घायलों को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़वर ले गए, जहां एक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
मौके पर मौजूद पतार गांव निवासी संजय यादव ने बताया कि, करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के पहराजपुर गांव निवासी प्रदीप बाइक से कोटवा नरायणपुर जा रहे थे। वहीं, भांवरकोल थाना क्षेत्र के कनुआन गांव निवासी रितेश खरवार बाइक से लठ्ठूडीह गांव की तरफ आ रहे थे। गोडउर मार्ग पर मंगई नदी पुल के पास विपरीत दिशा के आ रही दोनों की बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालक घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस के लिए फोन किया। 40 मिनट बाद भी एंबुलेंस के नहीं पहुंचने पर पुलिसकर्मी अपने वाहन से ही दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। संवाद