गहमर थाना क्षेत्र के हनुमान मंदिर के पास एक ईंट भट्ठे पर बन रही कच्ची शराब की भट्ठी पर महिलाओं ने शुक्रवार की शाम धावा बोल दिया। भट्ठे पर मिली शराब को गिरा दिया और बर्तनों को तोड़-फोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम काफी संख्या मे महिलाएं क्षेत्र में निकलीं तथा ईंट भट्ठों पर बने हर झोपडियों को खंगाला। इस दौरान जहां भी अवैध दारू की भट्ठियां और अवैध दारू मिली उनको तोड़-फोडकर तहस नहस कर दिया। सैकड़ों लीटर अवैध दारू को जमीन पर बहा दिया।
भट्ठा मालिकों ने पहले तो महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की कर भगाने का प्रयास किया और महिलाओं को फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी भी दी लेकिन महिलाओं के गुस्से को भांप कर धीरे से खिसक लिये। मालूम हो कि भदौरा क्षेत्र में जेलर सिंह, अनवर अली, संजय सिंह, वकील सिंह आदि का ईंट भट्टा चलता है।
सूत्रों की माने तो ईंट भट्ठों पर स्थानीय पुलिस और भट्ठा संचालकों की मिलीभगत से अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार कर बिक्री की जाती है।
शराब पीने के लिए प्रतिदिन शाम को क्षेत्र के सैंकड़ों लोगों का जमावड़ा इन भट्ठों पर होता है, जिससे क्षेत्र में अराजकता पैदा होती है। महिलाओं का आरोप है कि उनके घर के पुरुष सदस्य रोज मेहनत मजदूरी करते हैं और सारा पैसा इन भट्ठों पर रोज शाम को दारू का सेवन करने मे बहाते हैं। महिलाओं के प्रदर्शन के कई घंटों बाद भी मौके पर पुलिस नहीं पहुंची थी। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में शिला देवी, मुन्गा देवी, कांति देवी, सरिता देवी, ग्यांती देवी, सुनैना देवी, कृष्णावती आदि शामिल रहीं।