बार कौंसिल आफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सिविल बार एसोसिएशन की ओर से ट्रेजरी कार्यालय का घेराव किया गया। तालांबदी कर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को सौंपा गया।
सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश में अधिवक्ताओं की बढ़ती हत्या की घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं शीघ्र शस्त्रों का लाइसेंस प्रदान करने के साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने एवं समान रूप से प्रतिकर मुआवजा तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। कहा गया है कि हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं उनके ऊपर कठोर कार्रवाई की जाए।
चेतावनी दिया कि अगर सरकार की तरफ से ध्यान नहीं दिया गया तो 30 अप्रैल को अधिवक्ता पुन: विरोध दिवस मनाते हुए ट्रेजरी कार्यालय का घेराव कर जिले में शांति मार्च निकालेंगे। ज्ञापन देने के समय अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, महासचिव सत्यप्रकाश सिंह यादव, धीरेन्द्रनाथ सिंह, रामपूजन सिंह, उपेन्द्र राय, अजय पांडेय, अजय कुमार तिवारी, गिरजाशंकर यादव, उदयनारायण पांडेय, चन्द्रबली राय, बबिता गुप्ता, राजेन्द्र विक्रम सिंह, जयसूर्य भट्ट, राजेश राय, राजकुमार राय, पवन वर्मा, अब्दुल मलिक तथा चन्द्रमोहन सिंह उपस्थित थे।
कलेक्ट्रेट बार एतसोसिएशन की ओर से भी प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया। ज्ञापन सौंपने के समय अध्यक्ष धनंजय सिंह, महासचिव गोपाल सिंह यादव, शशिकांत यादव, वंशीधर कुशवाहा, दशरथ यादव, मनोज श्रीवास्तव, ओमप्रकाश एवं सोमारू चौहान आदि उपस्थित थे।