प्रधान और प्रधानाध्यापक विवाद में छात्रों में स्कूली बच्चों का निवाला छिन गया है। शिक्षा विभाग को भी इसकी परवाह नहीं है। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों ने मोर्चा संभाल लिया है। यह हाल रेवतीपुर ब्लॉक के पकड़ी गांव का है। यहां के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में दोपहर भोजन परोसा ही नहीं जा रहा है। इसके खिलाफ छात्रनेता अनूप राय के नेतृत्व में बच्चों ने शनिवार को धरना देकर अपना हक मांगा।
प्राथमिक विद्यालय व पूर्व माध्यमिक विद्यालय पकड़ी में बच्चे पढ़ने आ रहे हैं लेकिन उनको दोपहर भोजन नहीं मिल रहा है। इसकी जानकारी होने पर शनिवार को छात्रनेता अनूप राय इसका कारण जानने विद्यालय पहुंचे। वहां के अध्यापकों से पूछताछ की तो वे संतोषजनक जबाब नहीें दे पाए। अनूप स्कूल के छात्रों और थाली-कटोरी लेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने एक-दो दिन में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। साथ ही प्रधानाध्यापक व ग्राम प्रधान के संयुक्त खाते की जांच करने की मांग की।
ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि राम सिंह का कहना है कि प्रधान की छवि को धूमिल करने के लिए ऐसा किया जा रहा है जबकि रेवतीपुर के खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार शर्मा विद्यालय में दोपहर भोजन नहीं बनने की बात को स्वीकार करते हैं। उनका कहना है कि प्रधान व प्रधानाध्यापक के बीच मतभेद के चलते यह नौबत आई है। जल्द ही गतिरोध दूर कर लिया जाएगा। इस संबंध में सीडीओ अरविंद पांडेय ने बताया कि मामला गंभीर है, इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।