गाजीपुर। गाजीपुर–बलिया मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-108) के 20.700 चैनेज 39.306 यानी कासिमाबाद से रसड़ा के मध्य चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के तहत प्रभावित किसानों की भूमि क्रय करने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। जनपद बलिया में गाजीपुर–तुर्तिपार मार्ग के चैनेज 20.700 से 39.306 के मध्य चार लेन सड़क निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना के अंतर्गत जनपद गाजीपुर क्षेत्र के नौ गांवों की भूमि सड़क के संरेखण में आ रही है। प्रभावित गांवों में सिधागर मुहम्मदपुर कुशुम, मेहरौंड, पिलकुआ खास, नगवां, कटया लहंग, परजिपाह, चावनपुर गनी, धरवार खुर्द एवं परग़ना-जुहुराबाद (तहसील कासिमाबाद) शामिल हैं। इन गांवों की भूमि को भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर क्रय किए जाने के लिए दर निर्धारण किया जाना है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गाजीपुर की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक सोमवार को अपराह्न 12 बजे तहसील कासिमाबाद में आयोजित की जाएगी। प्रशासन ने मार्ग के संरेखण से प्रभावित संबंधित काश्तकारों से निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होने की अपील की है, ताकि भूमि क्रय की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। इसकी जानकारी के लिए विभाग के द्वारा चिह्नित गांव के ग्राम पंचायत भवनों पर नोटिस लगाया गया है। यह सूचना अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, बलिया की ओर से जारी की गई है।
इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता बलिया चंद्र कांत मिश्रा ने बताया कि किसानों को कितना गुना मुआवजा दिया जाएगा, समिति के द्वारा और किसानों के बीच सहमति बनने के बाद निर्णय होगा। इसके बाद मुआवजा देने का कार्य शुरू होगा। वहीं, कासिमाबाद उपजिलाधिकारी लोकेश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी गाजीपुर की अध्यक्षता में गठित समिति के द्वारा कासिमाबाद तहसील मुख्यालय पर सोमवार को गठित समिति के द्वारा भू स्वामियों के बीच बैठक कर दर निर्धारित कर मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी। इस मार्ग में चिह्नित गांव के किसान समिति के बैठक में पहुंचकर अपनी समस्या का निदान करा लें।
मुआवजे के लिए किसानों ने दिया था धरना
कासिमाबाद धरवार कला से रसड़ा घोड़ा चौक तक धर्मार्थ योजना के तहत लगभग 20 किलो मीटर सड़क की चौड़ीकरण का कार्य हो रहा है। इसमें कासिमाबाद तहसील क्षेत्र के सिधागर घाट, मुहम्मदपुर कुसुम, मेहरोड, पिलखुवा खास, नगवा कटया लहंग, परजिपाह, धरवार खुर्द के किसानों की भूमि का मुआवजा बिना दिए ही निर्माण का चालू हो गया था। इसको लेकर किसानों ने 6 जून को कासिमाबाद रसड़ा मार्ग के धरवार कला अंडर पास के नीचे मुख्य सड़क जाम कर दिया था। इसके बाद निर्माण कार्य बंद चल रहा है। एसडीएम संजय यादव और जेई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ था। इस धरना प्रदर्शन में भीम आर्मी और भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति व टिकैट संगठन से जुड़े किसान शामिल थे।