दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के दुकानदारों को तमंचा से आतंकित कर मारने-पीटने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस ने शुक्रवार की देर रात भक्सी पुलिया चौराहे से आरोपी को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया और शनिवार को पूछताछ के बाद चालान कर दिया।
वार्ड नंबर तीन निवासी आरोपी जावेद स्थानीय बाजार में चुन्नीलाल गुप्ता की मिठाई की दुकान पर सामान लेने के बाद पैसा मांगने पर दुकानदार को मारपीट कर दुकान में रखे मिठाई को सड़क पर फेंककर काउंटर को क्षतिग्रस्त कर तमंचा लहराकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया था। ठीक तीन महीने बाद तीन मार्च को जयप्रकाश के लोहे की दुकान पर आरोपी पहुंचा और जबरदस्ती काम करवाने का दबाव बनाने लगा। दुकानदार ने काम करने से इनकार कर दिया तो आरोपी ने मारपीट करने के साथ तमंचा लहारते हुए जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया था। इसके बाद फिर तीसरे दिन दुकानदार महताब के घर में घुसकर तमंचा के बल पर धमकी दिया था, इसको लेकर क्षेत्रीय दुकानदारों में दहशत का माहौल बना हुआ था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भक्सी पुलिया के पास से तमंचा और कारतूस के साथ आरोपी जावेद को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तमंचा और कारतूस के साथ आरोपी जावेद को गिरफ्तार करके चालान कर दिया गया।