गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव की अधिसूचना शनिवार को जारी होते ही आचार संहिता का डंडा चलना शुरु हो गया। जिला और पुलिस प्रशासन के नेतृत्व में कर्मचारियों ने शहर के साथ ही कई ग्रामीण क्षेत्रों में लगे चुनावी और सरकारी योजनाओं से जुड़ी होर्डिंग्स और पोस्टर हटाने का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया। इसके साथ ही वाहनों पर लगे पार्टियों के झंडे उतारने के साथ ही काली फिल्म भी उतारी गई। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में अफरा-तफरी मची रही। डीएम और एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर क्षेत्र के प्रमुख क्षेत्रों में रूट मार्च करने के साथ आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराते दिखाई दिए।
लोकसभा चुनाव की तिथि का इंतजार राजनीतिक दलों के लोगों के साथ ही आम जन को बीते कई दिनों से था। मुख्य चुनाव आयुक्त की तरफ से चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया। अधिसूचना जारी होते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कर्मियों के साथ कचहरी के साथ ही शहर के अन्य इलाकों में लगे होर्डिंग्स-पोस्टर को उतरवाने का कार्य किया। विकास भवन में लगी सरकारी योजनाओं की होर्डिंग्स भी उतारे गए। इसके साथ ही विभिन्न मुहल्लों में विद्युत खंभों और सड़क किनारे एंगल लगाकर लगाए गए राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स और पोस्टर को हटवाया। जमानिया: तहसील मुख्यालय, कोतवाली तिराहा, बिंद मोड़, विकासखंड तिराहा, कस्बा बाजार के साथ अन्य जगहों पर प्रशासनिक अधिकारियों ने जगह-जगह लगे राजनीतिक दलों की होर्डिंग्स, पोस्टर एवं राजनीतिक दलों के झंडे हटवाए गए। उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार एवं तहसीलदार देवेन्द्र यादव ने नगर पालिका कर्मियों के संग रामलीला मैदान, ब्लाक तिराहा, कोतवाली तिराहा, बिन्द मोड़, पाण्डेय मोड़, देवीदयाल मोड़ सहित अन्य जगहों पर राजनीतिक दलों के लगे झंडा, बैनर के साथ ही होर्डिंग्स हटवाई। कासिमाबाद: उप जिलाधिकारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में तहसीलदार जया सिंह, क्षेत्राधिकारी चोब सिंह, खंड विकासधिकारी सुवेदिता सिंह, प्रभारी निरीक्षक आरएस नागर पुलिस कर्मियों और राजस्व कर्मियों के साथ कासिमाबाद चौक, पुरानी बाजार सहित सभी मार्गों पर लगे राजनीतिक दलों के पोस्टर, बैनर, झंडा उतरवा दिए गए। सेवराई: एसडीएम संजय यादव व तहसीलदार रामजी के नेतृत्व में क्षेत्राधिकार जमानिया अनूप यादव के साथ भारी पुलिस बल रेलवे क्रॉसिंग भदौरा से सेवराई सतरामगंज बाजार होते हुए बस स्टैंड तक पैदल मार्च किया। भांवरकोल: पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों ने अवथही, फखनपुरा, शेरपुर, लोचाईन में पैदल रूट मार्च किया। जगह-जगह लगे बैनर और पोस्टर भी हटवाए गए।