शहर कोतवाली में करीब साढ़े चार माह पूर्व होटल कारोबारी और होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड के मुख्य आरोपी कटरा गैंग का सरगना और एक लाख का इनामी शंकर पांडेय और उसका साथी आलोक दुबे को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी। पुलिस अब दोनों आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई में जुट गई है।
29 मई की रात गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के गेट पर विनीत राय की हत्या की गई थी। इस हत्याकांड के नामजद आरोपी और एक लाख के इनामी कमलेश चौधरी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। वहीं, पुलिस टीम ने एक लाख के इनामी जगदीश सिंह यादव उर्फ सोनू यादव, रहमान उर्फ गोल्डन, रविशंकर पांडेय सहित अन्य को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। हत्याकांड का मुख्य आरोपी कटरा गैंग का सरगना शंकर पांडेय और आलोक दुबे अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। गैर जमानती वारंट और कुर्की की उद्घोषणा की भी कार्रवाई पुलिस कर चुकी है। एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि होटल व्यवसायी के बेटे विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी और कटरा गैंग का सरगना एक लाख इनामी शंकर पांडेय और उसका साथी एक लाख का इनामी आलोक दुबे फरार चल रहा है। जल्द ही दोनों को भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई होगी।