जमानिया। कस्बे से 25 हजार के इनामी बदमाश लखेंद्र उर्फ लखिंदर को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
उसकी गिरफ्तारी जमानिया कस्बे से हुई। लखेंद्र पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल प्रकाश व अंकित पर जानलेवा हमला करने का आरोप है।
गत 13 मार्च को 2022 में कोतवाली क्षेत्र के पांडेय मोड़ तिराहे पर कांस्टेबल प्रकाश और अंकित पिकेट ड्यूटी पर तैनात थे। मौके पर गांजा पी रहे कुछ युवकों को उन्होंने टोका। यह बात उन्हें नागवार गुजरी। थोड़ी ही देर में उनके साथी भी बेलचा, लाठी-डंडा, ईंट-पत्थर लेकर मौके पर पहुंच गए।
इसके बाद उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल प्रकाश और अंकित पर जानलेवा हमला कर दिया।
हमले में कांस्टेबल अंकित कुमार को गंभीर चोटें आईं। वह बेहोश हो गए। सूचना पाकर तत्कालीन थाना प्रभारी संपूर्णानंद राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हमलावरों ने पुलिस की जीप पर भी हमला कर दिया।
हमले में जीप के शीशे टूट गए। साथ ही कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। पुलिस ने इस मामले में 31 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
लखेंद्र निवासी भैदपुर पांडेय मोड़ जमानिया सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। वह तब से फरार चल रहा था।
इसके बाद उस पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया गया था। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।