जमानिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने एक महिला के पति, ग्राम प्रधान, सचिव, बीएलओ और कुछ अज्ञात लोगों पर फर्जीवाड़ा, कूटरचना और पहचान से छेड़छाड़ के आरोप में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि नामजद लोगों ने कूटरचित तरीके से उसका नाम परिवार रजिस्टर से लेकर मतदाता सूची गायब कर दी।
शाहपुर लठिया गांव निवासी होसीला उर्फ कौशल्या का आरोप है कि वर्ष 2016 में उसके पति भीमसेन ने एक दूसरी महिला से शादी कर ली। पंचायत स्तर के जिम्मेदारों की मिलीभगत से परिवार रजिस्टर में उस महिला और उसके बच्चों का नाम दर्ज करवा दिया। जबकि होसीला के नाम को व्हाइटनर से मिटाकर सिर्फ ‘कौशिल्या’ लिखा गया।
उसकी बेटी खुशबू और पुत्र राकेश, सचिन, रविकांत के नामों को भी हटा दिया गया और उनके स्थान पर नए नाम दर्ज कर दिए गए। मतदाता सूची में भी बीएलओ और अन्य अज्ञात लोगों ने मिलकर होसीला का नाम, फोटो और मकान नंबर हटा कर दूसरी महिला का नाम जोड़ दिया। महिला ने बताया कि उसने कोतवाली जमानिया और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई मगर कहीं से कोई जवाब नहीं मिला।