लोचाईन गांव के काली मंदिर के पास प्राकृतिक गैस व पेट्रोलियम को लेकर टेस्टिंग बोरिंग करते कर्मी।
भांवरकोल। क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोचाईन के पश्चिमी सीवान में काली मंदिर के पास प्राकृतिक गैस, पेट्रोलियम पदार्थों की मौजूदगी की संभावना को देखते हुए ओएनजीसी की टीम ने बृहस्पतिवार को टेस्टिंग बोरिंग का काम शुरू किया। बोरिंग के दौरान निकली मिट्टी जांच के लिए दिल्ली भेजी जाएगी।
बृहस्पतिवार को सुबह से मेठ अब्दुल गफ्फार के नेतृत्व में नौ मजदूरों ने आधुनिक मशीनों से टेस्टिंग बोरिंग का काम शुरू किया। मेठ अब्दुल गफ्फार ने बताया कि बोरिंग के दौरान निकली मिट्टी दिल्ली स्थित प्रयोगशाला भेजी जाएगा। मिट्टी की जांच से पता चलेगा कि यहां से प्राकृतिक गैस, पेट्रोलियम पदार्थ मौजूद हैं या नहीं।
यदि परिणाम सकारात्मक मिले तो फाइनल टेस्टिंग/जांच कराई जाएगी। बताया कि बिहार के पटना से शुरू हुआ सर्वे का काम आजमगढ़ तक कराया जाएगा। मेठ ने बताया कि ओएनजीसी कंपनी टू डी सिस्टमीक सर्वे करा रही है। मौके पर मौजूद आब्जर्वर ने बताया कि गंगा पंजाब बेसिन के क्षेत्रों में सर्वे कराया जा रहा है।