देवल कर्मनाशा पुल के पास सड़क किनारे धंसी जमीन, ग्रामीणों के द्वारा लगाया गया लाल रंग का संकेतक। ?
- फोटो : GHAZIPUR
देवल कर्मनाशा पुल के पास सड़क किनारे करीब दस फीट जमीन धंसने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे गड्ढे में डंडे के सहारे लाल रंग का कपड़ा लगाया गया है, जिससे लोग हादसे का शिकार होने से बच सकें।
बिहार प्रांत को यूपी से जोड़ने वाले देवल भदौरा मार्ग पर देवल गांव के पास कर्मनाशा नदी के समीप सड़क किनारे की जमीन धंस गई है। इससे लोगों और वाहन चालकों को दुर्घटना का भय बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को सड़क किनारे पटरी बनाने के लिए कहा गया, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। सड़क किनारे की मिट्टी करीब आठ से दस फीट तक धंस जाने के कारण वहां एक बड़ा सा गड्ढा हो गया है जिससे भारी वाहनों के आवागमन करने में परेशानी हो रही है। अगर जल्द ही इस गड्ढे को भरकर सड़क किनारे की पटरी मरम्मत नहीं की गई तो किसी हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने की सड़क किनारे पटरी बनाने की मांग
सड़क पर आवागमन के साथ किनारे की पटरी काफी हद तक दुर्घटनाओं को रोकती है, लेकिन सड़क किनारे पटरी न बनाए जाने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। लोगों ने तहसील प्रशासन एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को सड़क किनारे दोनों तरफ कम से कम डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ी पटरी बनाने की मांग की है, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके।