सैदपुर। उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक लिमिटेड के शाखा के अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को हुए चुनाव में तहसीलदार सिंह ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुभाष चंद्र तिवारी को 271 मतों से पराजित किया। सैदपुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि तहसीलदार सिंह को कुल 413 मत मिले, जबकि सुभाष चंद्र तिवारी को 142 मत प्राप्त हुए। इस दौरान 24 मत निरस्त घोषित किए गए। ब्लॉक मुख्यालय सैदपुर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न कराया गया।
अपनी जीत पर तहसीलदार सिंह ने इसे किसानों की जीत बताते हुए कहा कि वे किसानों के हित और विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने किसान नेता सच्चिदानंद सिंह, सहकारिता से जुड़े नेता संजय सिंह, पूर्व एमएलसी विजय यादव, नवीन अग्रवाल सहित सभी समर्थकों का आभार व्यक्त किया।