थाना क्षेत्र के पंचमुखी गंगा घाट पर रविवार की दोपहर नदी में स्नान करते समय डूब रहे दोस्तों को बचाने में एक किशारे गंगा की धारा में समा गया। समाचार लिखे जाने तक उसके शव का कहीं पता नहीं चल सका था। इलाके के उत्तर टोला निवासी अशोक माली का बेटा चंदन माली (16) अपने दोस्त शिवम, अखिलेश, कृष्णा के साथ पंचमुखी घाट पर नहाने गया था। चंदन नहाने के बाद अरार पर खड़ा हो अपने दोस्तों के निकलने का इंतजार कर रहा था। इसी बीच शिवम, अखिलेश और कृष्णा गंगा की तेज धारा में बहने लगे।
यह देख चंदन परेशान हो गया और दोस्तों को बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। तीनों साथियों को तो बचा लिया, लेकिन खुद नदी की धारा में समा गया। साथियों ने चंदन के डूबने की सूचना उसके परिवार वालों को दी। पुलिस, ग्रामीण और गोताखोर चंदन की तलाश में जुट गए। परिवार वालों की निगाहें गंगा में उस जगह पर टिकी थी, जहां चंदन डूबा था। देर रात तक चंदन की खोजबीन जारी थी, लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चला था। थानाध्यक्ष कृष्ण प्रताप सिंह ने बताया कि मल्लाहों की मदद से चंदन की तलाश की जा रही है।