हरपुर गांव स्थित घटना स्थल पर जांच करते सीओ हितेंद्र कृष्ण एवं प्रभारी निरीक्षक संपूर्णानंद राय
- फोटो : GHAZIPUR
कोतवाली क्षेत्र के हरपुर नहर से 200 मीटर दूर पश्चिम स्थित डेरा से घर जाते समय कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार की देर शाम धारदार हथियार से हमला कर किशोर की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से गांव में सन्नाटा पसरा है।
हरपुर गांव निवासी संजीत यादव उर्फ लालू (17) सुबह अपने डेरा के पर गया था। वहां से वह शाम में घर वापस आ रहा था। हरपुर नहर से 200 मीटर दूर पश्चिम अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से वारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। कुछ देर बाद राहगीर ने ग्रामीणों को एक किशोर के गिरे होने की सूचना दी। इधर जानकारी होते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस एवं परिजनों को दी। परिवार के लोग रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंच गए। इधर कोतवाल संपूर्णानंद राय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम शव को कब्जे में लेने के साथ घटना स्थल का गहनता पूर्व छानबीन करने में जुट गई। वहीं पुलिस के हाथ मृतक के जेब से मोबाइल एवं अन्य सामान भी बरामद हुआ। मृतक कक्षा 11 का छात्र था। दो भाईयों में सबसे छोटा था। परिजनों के रोने-बिलखने से गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया। सीओ हितेंद्र कृष्ण ने बताया कि हत्या के कारणों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वारदात का पर्दाफाश करने के साथ आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।