बरेसर थानाक्षेत्र के अजीजपुर चट्टी पर रविवार की सुबह एक किशोर का शव गड्ढे में मिलने से सनसनी फैल गई। किशोर के दोनों पैर रस्सी से बंधे थे। गर्दन पर चोट के निशान भी थे। किशोर की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। ग्राम प्रधान चंद्रभूषण सिंह ने हत्या कर शव फेंकने की तहरीर दी है।
बलिया के बांसडीह के मूल निवासी मनोज शुक्ल की शादी करीमुद्दीनपुर गांव के गौरीशंकर चतुर्वेदी की पुत्री छाया से हुई थी। मनोज की मौत 15 वर्ष पूर्व हो गई थी। इसके बाद छाया अपने पुत्र अवनीश (15), पुत्री कृति (13) और कल्पना (12) के साथ बरेसर के अजीजपुर चट्टी पर मकान बनवाकर रहने लगी। मकान में छाया डिस्पेंसरी भी चलाती है। रविवार की सुबह डिस्पेंसरी के सामने सड़क की दूसरी तरफ गड्ढे में अवनीश का शव मिला। कुछ ही देर में वहां भीड़ जुट गई। जानकारी होते ही बरेसर थानाध्यक्ष राहुल शुक्ल पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और पूछताछ के बाद शव कब्जे में ले लिया।
अवनीश के दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए थे और गर्दन पर काला और चोट के निशान थे। ग्राम प्रधान ने किशोर की हत्या कर शव फेंकने की तहरीर की है। थानाध्यक्ष का कहना है कि शव कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।