बिरनो विद्युत उपकेंद्र के जयरामपुर फीडर में आई टेक्निकल फॉल्ट को देखते बिजली निगम कर्मी। संवाद
बिरनो। बिजली गिरने से उपकेंद्र के जयरामपुर फीडर में तकनीकी खराबी आ गई। इसके कारण क्षेत्र के 30 ग्राम पंचायतों में करीब 17 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पेयजल व मोबाइल चार्जिंग के लिए भी ग्रामीणों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
क्षेत्र के पलहीपुर, जयरामपुर, बरही, बिरनो, मनिहारी, भड़सर, अराजी ओड़ासन, जगदीशपुर विद्यापति, बंतरा, मिश्रौली, अरखपुर, पांडेयपुर बिठौरा आदि क्षेत्रों में बत्ती गुल रही। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों के इलेक्ट्रानिक उपकरण शो पीस बन गए। वहीं बिजली निगम के अवर अभियंता विमल सिंह ने बताया कि बिजली गिरने से तकनीकी फॉल्ट हो गया है। लाइनमैन की टीम के साथ सभी पोल और इंसुलेटर की जांच की जा रही है। फॉल्ट का पता लगाकर मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही जयरामपुर फीडर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी। संवाद