जंगीपुर विधानसभा के उपचुनाव में लगने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए विस क्षेत्र और आसपास के दस थानों पर चिकित्सा व्यवस्था की गई है। प्रत्येक थाना पर चिकित्सक, फार्मासिस्ट आवश्यक दवाओं के साथ उपलब्ध रहेंगे।
जंगीपुर विधानसभा की रिक्त सीट के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है। इसके लिए 16 मई को मतदान कराया जाएगा। मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र में 211 मतदान केन्द्र और 323 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7 से शाम 5 बजेे तक होगा। मतदान कार्य में लगने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को किसी तरह की चिकित्सा सुविधा की जरूरत पड़ने की दशा में थानों पर चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।
प्रत्येक थाने पर चिकित्सक, फार्मासिस्ट, अन्य आवश्यक मेडिकल कर्मी आवश्यक दवाओं के साथ उपलब्ध रहेंगे। इसके लिए जंगीपुर विधानसभा में पड़ने वाले दस थानों का चयन किया गया है जहां चिकित्सकीय व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। जिन थानों पर चिकित्सा व्यवस्था की जाएगी, उनमें जंगीपुर, बिरनो, सुहवल, नोनहरा, थाना कोतवाली, जमानिया, नगसर हाल्ट, मरदह, दुल्लहपुर एवं कासिमाबाद शामिल हैं। इन थानों पर एंबुलेंस की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी।