दुल्लहपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर टहलने जा रहे शिक्षक की शुक्रवार की भोर में रेल इंजन से कटकर मौत हो गई। इंजन वाराणसी से मऊ की ओर जा रहा था। शिक्षक ईअर फोन लगाए हुए थे। इस कारण पटरी पार करते इंजन की आवाज न सुनने के चलते यह हादसा हुआ।
देवा गांव निवासी मुसाफिर राम ने बताया कि पुत्र वरुण कुमार (32) अमारी कंपोजिट विद्यालय में सहायक शिक्षक थे। वह भोर में टहलने निकले और प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर जा रहे थे। पटरी पार करते समय सुबह करीब 4.26 बजे वाराणसी से मऊ जा रहे रेल इंजन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। सूचना पर थाने की पुलिस और औड़िहार जीआरपी पहुंच गई। प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष हरिंदर यादव, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश मद्धेशिया, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दीपक चौरसिया, ग्राम प्रधान हरिओम मद्धेशिया आदि पहुंचे।
उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश मद्धेशिया और ब्लॉक अध्यक्ष हरिंदर यादव ने घटना पर शोक जताया। बताया कि वरुण दो भाई और तीन बहनों में दूसरे नंबर पर थे। औड़िहार जीआरपी प्रभारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि शिक्षक का घर प्लेटफाॅर्म से 100 मीटर की दूरी पर है। ईयरफोन लगाने के कारण शिक्षक को इंजन के आने की जानकारी नहीं हो पाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।