गाजीपुर। नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सहभागिता को देखते हुए उनकी सुरक्षा के लिए पूरे जिले में विभिन्न स्तरों पर मिशन नारी शक्ति का कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत शनिवार को सादात ब्लाक के कबीरपुर गांव में बालिकाओं की सुरक्षा आत्मरक्षा के संबंध में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को आत्मरक्षा के लिए जूडो-कराटे की जानकारी प्रशिक्षक सुमन चौहान ने दी। इस कला को सीखने में बच्चों ने काफी रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक बालिका शिक्षा हरिश्चंद्र सिंह यादव ने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उन्हें जूडो-कराटे की कला का ज्ञान होना आवश्यक है। बालिकाएं इस कला से विषम परिस्थितियों में अपनी आत्म सुरक्षा कर सकती हैं। उन्होंने विषम परिस्थितियों में 102, 108, 181, 1090, 1076 और 112 नंबर डायल कर बच्चों को अपना बचाव करने की जानकारी दी। कहा कि आज हर नारी को ताइक्वांडो और जूडो की कला का ज्ञान होना जरूरी है। आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए मीना मंच, जीवन कौशल शिक्षा कार्यक्रम और मीना अभियान का आयोजन पूरे जिले में किया जा रहा है। इस मौके पर प्रीति सिंह, विनोद यादव, संतोष सिंह, श्रेया सिंह, नवनीत चौहान, खुशी मौर्या और प्रियांशु पाल ने विचार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम का आयोजन पूर्व प्रधानाध्यापक देवेंद्रनाथ सिंह ने किया।