एक्साईज ड्यूटी हटाने की मांग को लेकर सर्राफ व्यापारियों की ओर चीतनाथ स्थित सर्राफा मंडी में चल रहा धरना 12 वें दिन सोमवार को भी जारी रहा। इस मौके पर सर्राफा मंडल के संरक्षक जवाहर लाल वर्मा ने कहा कि केंद्र में बैठी मोदी सरकार के वित्तमंत्री अरुण जेटली ने अगर उत्पाद शुल्क वापस नहीं लिया तो व्यापारी आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगे।
सराफा व्यापारियों ने कहा कि भाजपा को इसका खामियाजा देश के चारा राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। जिलाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने कहा कि व्यापारियों के समर्थन से केंद्र की सत्ता पर आसीन होने वाली मोदी सरकार की नीति व्यापारियों को तबाह करने वाली है। आभूषणों पर उत्पाद शुल्क लगने से सर्राफा एवं स्वर्णकार समाज इस तरह से मर्माहत है कि इस बार होली नहीं मनाने का निर्णय लिया है। समाज के लोग इस पर्व को काले दिवस के रूप में मनाएंगे।
धरना को समर्थन देने पहुंचे सपा के युवा नेता डॉ. समीर सिंह ने कहा कि इस कानून को वापस कराने के लिए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने भी पूरी तरह मन बना लिया है। संसद में इस का पुरजोर विरोध कर इसे हटवाने की पूरी तैयारी कर रहे है। विक्रम अग्रहरी ने कहा कि जो व्यापारी भाजपा को जमीन से उठाकर आसमान तक का सफर तय कराने में काफी संघर्ष करने का काम किया था। दिनेश वर्मा एवं समाजसेवी शम्मी सिंह ने कहा कि जेटली को अपना जिद्द छोड़कर काले कानून को अविलंब वापस लेना पड़ेग। इस मौके पर अनुप वर्मा, आशीष वर्मा, हीरालाल गुप्ता, गुलाब चंद्र शर्मा, प्रेम वर्मा, राजू अग्रवाल, उमेश वर्मा आदि मौजूद रहे।