सादात (गाजीपुर)। स्थानीय समता इंटर कालेज के परिसर में चल रहा एनसीसी 89 बटालियन का पांच दिवसीय शिविर शनिवार को समाप्त हो गया। इस शिविर में बी और सी सर्टिफिकेट की परीक्षा के लिए कैडेट्स को प्रशिक्षण देकर उन्हें सैन्य बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें एकता एवं अनुशासन का पाठ भी पढ़ाया गया।
शिविर के दौरान कैडेटों को फील्ड, हथियार, फायरिंग, ड्रिल, गूगल एवं टूरिस्ट मैप आदि के बारे में जानकारी दी गई। कैडेट्स को सैन्य बलों की संरचना और वीर सपूतों के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें सेना और देश से जुड़े ऐतिहासिक पहलुओं से अवगत कराया गया। कैंप में समता इंटर एवं पीजी कालेज के अलावा गोविंद और बापू इंटर कालेज के 167 कैडेट्स को बी तथा 40 कैडेटों को सी सर्टिफिकेट का कैंप प्रमाणपत्र दिया गया।
प्रबंधक सभाजीत यादव, प्राचार्य डा. रणजीत सिंह, प्रधानाचार्य हरिनारायण यादव ने शिविर में दी गयी जानकारी को जीवन में उतारने का आह्वान किया। प्रतिभागी कॉलेजों के एनओ लेफ्टिनेंट अशोक कुशवाहा, लेफ्टिनेंट सर्वेश यादव, कैप्टन उदयभान सिंह ने कैडेट्स को ट्रेनिंग देने के लिए प्रशिक्षण टीम का आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण टीम में सूबेदार आरबी सिंह, ओमप्रकाश सिंह, हवलदार राकेश, मोईद अहमद, पवन कुमार शामिल थे।