जिले में क्रिसमस-डे शनिवार को उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। सिंचाई विभाग चौराहा स्थित लूर्द माता चर्च में सजी झांकियों को देखने के लिए ईसाई समुदाय के लोगों के अलावा अन्य लोगों की भीड़ उमड़ी रही। सुबह से शाम तक चर्च में लोग आते रहे। लोग एक दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते रहे।
क्रिसमस डे पर नगर के सिंचाई विभाग चौराहा स्थित लूर्द माता चर्च में प्रभु यीशु से संबंधित झांकियां सजाई गई थीं। इन झांकियों में प्रभु यीशु की ओर से लोगों को उपदेश देने के साथ ही उनके जीवन से संबंधित कई झांकी सजाई गई थी। लोगों की भीड़ इस कदर थी कि जितने महिला- पुरुष और बच्चे झांकी को देखने के बाद बाहर निकल रहे थे उससे भी अधिक लोग चर्च परिसर में प्रवेश कर रहे थे। भीड़ को देखते हुए व्यवस्था में लगे लोगों की ओर से एक गेट से प्रवेश और दूसरे गेट से निकासी की व्यवस्था की गई थी जिससे अन्य लोगों को परेशानी न हो। सुबह दस बजे के बाद झांकियों को देखने के लिए लोगों के आने का जो क्रम शुरु हुआ, वह शाम तक जारी रहा। पर्व को लेकर बच्चों में काफी उत्साह था। इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पुरुष पुलिस कर्मियों के साथ ही महिला कर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
ईसाई समुदाय के लोगों में क्रिसमस-डे को लेकर गजब का उत्साह था। सुबह तुलसीसागर स्थित पुरानी चर्च और सिंचाई विभाग चौराहा स्थित लूर्द माता चर्च सहित ग्रामीण क्षेत्रों के चर्चों में प्रार्थना सभा का आयोजन किया। इसमें समुदाय के महिला-पुरुषों के साथ ही बच्चों ने भाग लिया। प्रार्थना सभा होने के बाद समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पर्व की बधाई दी।
मसीही समुदाय के लोग क्रिसमस-डे (बड़ा दिन) उत्साह के साथ मनाते हैं। पर्व पर एक तरफ जहां बच्चों के साथ ही पुरुष-महिलाएं नए वस्त्र धारण करते हैं, वहीं घरों में मेहमान नवाजी के लिए स्वादिष्ट व्यंजन बनाए जाते हैं। इन व्यंजनों में खासकर केक जरूर शामिल रहता है। पूरे दिन समुदाय के लोगों के एक-दूसरे के घरों पर जाकर पर्व की बधाई देने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान लोगों ने केक के साथ ही स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।