गाजीपुर। नगर पालिका में नये सिरे से स्वकर लागू किए जाने को लेकर विरोध तेज हो गया है। कोई स्वकर को लागू न करने का अनुरोध कर रहा है तो कोई स्वकर लागू करने में विसंगतियां की बात कह रहा है। इस बीच 85 पन्ने में 391 लोगों ने हस्ताक्षर करते हुए नगर पालिका में अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
आपत्ति जताने की अंतिम तिथि 27 दिसंबर थी। इस दौरान 87 पन्नों में 391 लोगों ने आपत्ति जताई है। अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद भी शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने आपत्ति जताई है। हालांकि अंतिम तिथि के बाद आई आपत्तियों को नगर पालिका प्रशासन स्वीकार नहीं कर रहा है। वहीं, समय सीमा के अंदर आई आपत्तियों के निस्तारण की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए नगर पालिका की ईओ अमिता वरुण ने नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल को पत्र लिखा है। उन्होंने बोर्ड की बैठक आयोजित करते हुए आई आपत्तियों के निस्तारण का अनुरोध किया है। ईओ का कहना है कि स्वकर प्रणाली लागू करने में नियमों का पालन किया गया है। किसी प्रकार की विसंगतियां नहीं हैं, बस उसे लोगों को एकबार समझने की जरूरत है। हालांकि सभी आपत्तियों को बोर्ड के समक्ष रखते हुए उसे नियमानुसार निस्तारित कराया जाएगा। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा, जो सही होगा वही किया जाएगा।