नगर कोतवाली क्षेत्र के सिटी रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड में मंगलवार को मालगाड़ी से चीनी की बोरी चुराकर आटो में लाद रहे तीन चोरों को आरपीएफ ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके पास से नौ बोरी चीनी और आटो बरामद किया गया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।
सिटी रेलवे स्टेशन के आरपीएफ प्रभारी उदय राज ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पूर्वी यार्ड स्थित पोल संख्या 129/24-26 के मध्य रेल लाइन के उत्तर दिशा में करीब 20 कदम दूर पर दोपहर करीब तीन बजे तीन चोर चीनी की बोरी आटो पर लादते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। नौ बोरी चीनी बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 18 हजार है। आरोपियों ने अपना नाम सदर कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम रोड निवासी जितेंद्र उर्फ छठिया, कोतवाली क्षेत्र के नुरुद्दीनपुरा निवासी वकील खान और अजय बताया। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर चालान कर दिया गया। संवाद