दिल्ली में छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज को लेकर आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन एवं इंकलाबी नौजवान सभा के कार्यकर्ता गुरुवार को सड़क पर उतर आए और नाराजगी जताई। आरएसएस कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे आइसा एवं डीयू और जेएनयू के छात्र-छात्राओं पर बर्बर तरीके से पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका और नारेबाजी की।
पुतला फूंकने के बाद आयोजित सभा में आइसा के जिला संयोजक आलोक कुमार ने कहा कि रोहित बेमुला की हत्या संस्थागत एवं योजनाबद्ध तरीके से की गई। इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर बर्बर लाठीचार्ज इस सरकार की मंशा को प्रदर्शित कर रहा है। इसे छात्र संगठन आइसा बर्दाश्त नहीं करेगा। इंनौस नेता मनोज कुशवाहा ने कहा कि छात्र की हत्या के दोषी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए। सौरभ पांडेय ने कहा कि सांप्रदायिक माहौल बनाकर शिक्षा का भगवाकरण करने की कोशिश की जा रही है। कहा कि दिल्ली में छात्र आंदोलन पर जिस प्रकार से पुलिसिया दमन किया जा रहा है उससे दिल्ली पुलिस एवं केन्द्र सरकार का छात्र विरोधी चेहरा उजागर हुआ है। पुतला फूंकने के समय योगेन्द्र प्रताप भारती, अरविंद कुशवाहा, अमित कुमार, कुलभूषण, अमरनाथ पासवान, मुकेश यादव, कंचन कुशवाहा तथा नीरज पांडेय उपस्थित थे।