सादात। थाना क्षेत्र के मरदापुर गांव के पास रेलवे लाइन किनारे बृहस्पतिवार की सुबह एक छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मरदापुर गांव के कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार की सुबह रेलवे लाइन के किनारे एक युवक का शव देखा। शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों से पूछताछ करते हुए मृतक की पहचान शादियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम खुटहीं निवासी वीरेंद्र राम के 24 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में करते हुए घटना की सूचना दी। शव को कब्जे में लेकर थाना लाई। परिवार के लोग भी थाना पहुंच गए। शव पर नजर पड़ते ही वह दहाड़े मारकर चीखने-चिल्लाने लगा। थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे। शायद उसे किसी ट्रेन से टक्कर लगी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पूछताछ में बताया कि राहुल इलाहाबाद से बीटेक कर रहा था। कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था।