स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के निर्वाचन अधिकारी प्रो. अवधेश नारायण राय और प्राचार्य डा. शशिकांत राय ने छात्रसंघ चुनाव की तिथि की घोषणा करते हुए बताया कि 23 सितंबर को छात्रसंघ का चुनाव होगा। इसी दिन परिणाम की घोषणा भी की जाएगी। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई जाएगी।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, पुस्तकालय मंत्री सहित कला तथा वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि के पद हैं। इनके चुनाव के लिए 16 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक नामांकन का कार्य होगा। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच कर उम्मीदवारों की सूची शाम चार बजे तक प्रकाशित होगी। 17 सितंबर की सुबह 10 से एक बजे तक नाम वापसी और उसके बाद उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। 23 सितंबर की सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। दो बजे से मतगणना कर परिणाम की घोषणा के साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पद ग्रहण होगा। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य डा. शशिकांत राय ने बताया कि महाविद्याल में कुल 4354 छात्र हैं। चुनाव के लिए कालेज परिसर में 10 मतदान केंद्र बनाया जाएगा। वैसे तो चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी पिछले कई माह से प्रचार-प्रसार में जुटे हुए थे, लेकिन चुनाव की तिथि की घोषणा होने के साथ ही उनके जोश में भी वृद्धि हो गई है। उन्होंने तिथि की घोषणा होने के साथ ही चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकना शुरु कर दिया है। चुनाव में कैसे जीत होगी, उसकी रणनीति तैयार करने के साथ ही विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने इस बात पर विचार-विमर्श करना शुरु कर दिया है कि वह किस दमदारी से चुनाव के लिए नामांकन करेंगे।