सड़क हादसे में इंटर के छात्र की मौत, चालक फरार
- पीड़ित परिवार की तहरीर पर चालक के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
कासिमाबाद। नोनहरा थाना के सुसुंडी गांव के पास सोमवार की देर शाम ट्रक के धक्के से परीक्षा देकर वापस लौट रहे बाइक सवार इंटर के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
मुहम्मदाबाद कोतवाली के फिरोजपुर कला गांव निवासी रविंद्र यादव का बेटा अंकित यादव (18) अपने मित्रों के साथ इंटर की परीक्षा देने कासिमाबाद की तरफ गया था। शाम को परीक्षा समाप्त होने के बाद घर वापस लौट रहे थे। सुसुंडी गांव के पास पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक के धक्के से बाइक के पीछे बैठा अंकित गिर पड़ा और ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस वहां पहुंची और छात्र को जिला अस्पताल भेजवाया ,लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। इस मामले में परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।