कासिमाबाद तहसील में नाली निर्माण को लेकर धरना प्रदर्शन करते सोनबरसा के ग्रामीण-संवाद
कासिमाबाद। विकास खंड के ग्राम पंचायत सोनबरसा के ग्रामीणों ने मंगलवार को नाली निर्माण में कुछ लोगों की ओर से अवरोध पैदा करने से आक्रोशित होकर उपजिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीण अवरोध पैदा करने वाले दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। तीन घंटे तक चला यह धरना उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर समाप्त हुआ।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सोनबरसा के क्षेत्र पंचायत सदस्य ओमप्रकाश यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत में लगभग 50 से 60 परिवारों के नाबदान के पानी के साथ बरसात के पानी की निकासी की समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। गांव के ही समुदाय विशेष के कुछ दबंग लोगों ने अपने कब्जे में लेकर अतिक्रमण कर लिया है। वहीं लोग मौके पर नाली निर्माण में विवाद पैदा कर उसे बनने नहीं दे रहे हैं। विरोध के कारण नाली निर्माण में बाधा आ रही है। पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने से ग्राम वासियों के पानी की निकासी की समस्या लगातार बनी हुई है। इस समस्या की शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने गड़ही की आबादी की पैमाइश कराकर उसमें अवैध कब्जा को हटाने की मांग की इससे नाली का निर्माण कराया जा सके। धरना-प्रदर्शन दिन में 11 बजे से दो बजे तक चला। उप जिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा ने मौके की स्वयं जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर धरना-प्रदर्शन समाप्त हुआ। धरना-प्रदर्शन में मनोज चौहान, मुन्ना चौहान, नगीना चौहान, संदीप चौहान, अंगद चौहान, विंध्याचल चौहान, सोनी चौहान, रंजना देवी, सुखिया देवी, शंकर चौहान, लक्ष्मी देवी आदि मौजूद रहीं।