आईएमए यूपी स्टेट की ओर से प्रस्तावित हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन के तहत ज्वाइंट मेडिकल फोरम के बैनर तले जिले के सभी चिकित्सा संगठनों के चिकित्सक और यूपीएमएसआरए के सदस्य शुक्रवार को हड़ताल पर रहे।
निजी चिकित्सकों ने सरजू पांडेय पार्क में धरना देकर सभा की। इस मौके पर आईएमए के जिला सचिव डा. जेएस राय ने कहा कि दिन पर दिन टेक्नालाजी का विकास हो रहा है। नतीजतन चिकित्सा सेवा महंगी होती जा रही है।
अच्छे इलाज की इच्छा हर मरीज रखता है। लेकिन महंगे इलाज का आरोप डाक्टरों पर लग रहा है। उन्होंने कहा कि महंगे इलाज के दबाव में मरीजों के रिश्तेदार भी उत्तेजित होकर हिंसा करने पर उतारू हो जाते हैं।
यही वजह है कि डाक्टरों और आम जनता के बीच विश्वास घटता जा रहा है। डाक्टरों के अंदर भय व्याप्त होता जा रहा है। डा. राजकुमार चौबे ने कहा कि चिकित्सकों और मरीज का बीच विश्वास का रिश्ता कायम रहना चाहिए।
आरएम राय ने कहा कि डाक्टरों के खिलाफ होने वाले हिंसा के ज्यादातर मामलों में सीधे-साधे लोगों को मोहरा बनाकर असामाजिक तत्व फायदा उठाते हैं।
अध्यक्षता कर रहे डा. आरबी राय ने कहा कि चिकित्सकों का पेशा समर्पण भाव का है। डाक्टर और मरीजों को अपना रिश्ता बनाकर रखने की जरूरत है।
अंत में मांगों से संबंधित मांगपत्र जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित कर कहा गया कि हमारी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।
इस अवसर पर डा. बावन दास, डा. राजेश सिंह, डा. अर्चना सिंह, डा. केके सिंह, डा. अनुपमा सिंह, डा. एसएल वर्मा, डा. भरत सिंह, डा. डीपी सिंह, डा. अमित, डा. आरएम सिंह, डा. राकेश राय, डा. आरके चौबे, डा. धर्मेन्द्र, डा. मनीष राय, डा. पीके राय, डा. जेके यादव, डा. अभिषेक, डा. एके राय, डा. मृत्युंजय सिंह आदि उपस्थित थे।