Ghazipur News: गाजीपुर जिले में विभूति एक्सप्रेस पर पथराव करने के मामले में दो आरोपियों को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया। इस दौरान पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब के नशे में आपस में विवाद होने पर पथराव किया, जो ट्रेन पर लग गया।
गाजीपुर जिले के जमानिया रेलवे स्टेशन के पास गाड़ी संख्या 12334 विभूति एक्सप्रेस पर पत्थर चलाने का मामला सामने आया है। इस पत्थरबाजी में एक महिला यात्री घायल हो गई। घटना के बाद सक्रिय हुई आरपीएफ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
क्या है मामला
आरपीएफ प्रभारी राणा सिंह ने बताया कि 25 फरवरी को रात करीब आठ बजे दानापुर कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 12334 विभूति एक्सप्रेस के कोच संख्या एस वन पर किसी ने पत्थर चला दिया है। पत्थरबाजी की घटना में एक महिला यात्री का सिर फूट गया है। ट्रेन अभी जमानिया रेलवे स्टेशन से तुरंत आगे बढ़ी थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम जमानिया रवाना हुई।
जमानिया रेलवे स्टेशन पहुंचकर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान जमानिया रेलवे स्टेशन से 500 मीटर की दूरी पर दो व्यक्ति नजर आए। उनके पास पिट्ठू बैग था। जांच में पता चला कि दोनों शराब के नशे में हैं। पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। सख्ती करने पर उन्होंने ट्रेन पर पत्थर चलाने की बात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि वह बिहार से शराब पीने के लिए जमानिया आए थे। शराब पीते-पीते नशा अधिक हो गया। इसके कारण दोनों आपस में झगड़ा करने लगे। एक-दूसरे पर हमला करने के दौरान पत्थर चलाने लगे। इसी दौरान ट्रेन गुजर रही थी, एक-दो पत्थर ट्रेन पर लग गए।
आरोपियों की पहचान सुनील कुमार निवासी अरियाव थाना कृष्णाब्रह्म जनपद बक्सर व पिंटू कुमार निवासी नंदन थाना डुमराव जिला बक्सर बिहार के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है।