राजेंद्र नगर से नई दिल्ली को जाने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में कुछ अराजक तत्वों ने रविवार की रात गाजीपुर जिले के करहिया हाल्ट व भदौरा के बीच अचानक पथराव कर दिया। इसमें ट्रेन के बी-टू कोच का शीशा टूट गया। हालांकि ट्रेन आगे बढ़ गई। घटना की सूचना तत्काल गार्ड द्वारा रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई। वहां से आरपीएफ को सूचित किया गया।
इस संबंध में रेलवे सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की सूचना मिली है। रेलवे सुरक्षा बल करहिया रेलवे स्टेशन हाल्ट के आसपास छानबीन कर रहा है। उधर, घटना के बाद पीडीडीयू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोककर चेक करने के बाद वहां से रवाना किया गया। हालांकि पथराव में किसी के चुटहिल होने की सूचना नहीं है। इतना जरूर है के कुछ समय के लिए कोच में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी।