करंडा थाना क्षेत्र के बासुचक गांव चोरों के लिए सबसे सुरक्षित स्थान बन गया है। रविवार की रात काली मंदिर से मूर्ति की दोनों आंख और पास में स्थित मंदिर से बुढ़िया माता की भी एक सोने की आंख, मंदिर में रखे इंवर्टर चुरा लिया। सुबह जब ग्रामीण महिला पुजारी मंदिर पहुंची तो ताला टूटा देख सन्न रह गई।
मंदिर के भीतर देखा तो मूर्तियों से सोने की आंख गायब थी। इसकी जानकारी तत्काल ग्रामीणों को दी, चोरी की सूचना पर मंदिर पहुंचे ग्रामीण आक्रोशित हो गये और इसकी सूचना थाने पर दी। ग्रामीणों ने बताया कि बासुचक में चोरी कोई नई बात नहीं है। कुछ महीनों में एक दर्जन से अधिक लोगों के यहां चोरी हो चुकी है और किसी मामले में अभी तक खुलासा नहीं हुआ। पुरूषोत्तम राम, कमला साह, सन्तसरन और संस्कार सिंह के घर के सामने से सोलर बैट्री चोरों ने चुरा लिया। मन्नू पाल, अजय राम और बाबू यादव की बकरी चोरी हो गई। दरवाजे पर खड़े राजेंद्र सिंह के ट्रैक्टर की बैट्री भी चोरी हो गई। योगीबीर बाबा मंदिर की दान पेटी तोड़कर नकदी, बिलायती बाबा के मंदिर से भी घंटा और नकदी आदि की चोरी, गिरधर के मकान से मोटर चोरी, विजय सिंह की तीन गायों को भी चोरों ने नहीं बक्सा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चोरी की घटनाओं समेत कई अन्य स्थानों पर चोरों ने अपना हाथ साफ किया, लेकिन स्थानीय पुलिस बस शिकायती पत्र लेकर खानापूर्ति करती रही है।