नेहरू स्टेडियम में गेंद पर कब्जे की कोशिश करतीं स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और प्रयागराज की खिलाड़ी
गाजीपुर। शहर के गोराबाजार स्थित नेहरू स्टेडियम में सोमवार को अंबुज हॉकी सोसाइटी की तरफ से आयोजित स्व. गुलाब चंद्र राज्य स्तरीय महिला हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन दो मुकाबले खेले गये।
इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और एनईआर गोरखपुर ने अपने-अपने मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज की। आयोजक मंडल के अंबुज श्रीवास्तव ने बताया कि, प्रतियोगिता का तीसरा और दिन का पहला मुकाबला प्रयागराज और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के बीच खेला गया।
इसमें स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने एकतरफा 6-1 से जीत दर्ज की। स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के लिए आरिका 3, दिव्या 2, ममता एक ने गोल किया। वहीं, प्रयागराज के लिए एक मात्र गोल पुष्पांजलि ने किया। प्रतियोगिता का चौथा मुकाबला एनईआर गोरखपुर और रामपुर के बीच खेला गया।
इसमें एनईआर गोरखपुर ने रामपुर की टीम को एकतरफा मुकाबले में 8-2 से हराया। एनईआर के लिए काजल 3, सुमिता 2, सिमरन 2 और रमनप्रीत गोल किया। वहीं रामपुर की तरफ से शोभा और प्रियांशी ने एक-एक गोल किया। इसमें निर्णायक की भूमिका में बृजेश यादव, मोहम्मद सफी, रश्मि, करन आदित्य, नीरज और आसिफ इकबाल रहे। इसके पूर्व मुख्य अतिथि बीती सिंह और कृष्णानंद सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर दिनेश श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, राजेश प्रजापति, अंसार अहमद, मो. आदिल आदि मौजूद रहे।