गाजीपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए कक्ष निरीक्षकों की तैनाती को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों के अध्यापकों को भी कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किया जाएगा। इसके लिए अध्यापकों की सूची मांगी गई है। केंद्र व्यवस्थापकों के साथ ही वाह्य केंद्र व्यवस्थापकों की भी तैनाती भी की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से होनी है। इस बार की परीक्षा में दोनों कक्षाओं के एक लाख 37 हजार 456 छात्र-छात्राएं बैठेंगे। इनके लिए जिले में 196 केंद्र बनाए गए हैं। अब जबकि इसमें 8 दिन शेष रह गए हैं। इसको सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारी तेज कर दी गई है। कक्ष निरीक्षकों की तैनाती के लिए अध्यापकों की सूची विभाग की तरफ से तैयार की जा रही है। करीब चार हजार से अधिक कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही एक-एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी लगाया जाएगा।