बेटे शिवकुमार राजभर की मौत के बाद मुबारकपुर जुगनू गांव स्थित आवास पर रोती-बिलखती मां रीता देवी
- फोटो : 1
बरेसर। थाना क्षेत्र के बाराचवर-सिऊरीअमहट-तिराहीपुर मार्ग स्थित बनवा नहर के पास सड़क किनारे खड़े आलू लदे पिकअप में मंगलवार की रात तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक घुस गई। हादसे में बाइक सवार शिव कुमार राजभर (20) और विशाल राम (22) की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक विशाल राजभर (23) गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों दोस्त खाना खाने के बाद बेनीपुर गांव स्थित शिव कुमार राजभर के ननिहाल से लौट रहे थे।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मुबारकपुर जुगनू गांव निवासी संतोष राजभर ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र शिव कुमार राजभर अपने दोस्त विशाल राम और विशाल राजभर के साथ बाइक से सुबह बरेजी गांव स्थित अपनी बुआ के घर गया था। इसके बाद शिव कुमार राजभर दोनों दोस्तों के साथ बाइक से अपने ननिहाल बेनीपुर गांव पहुंचा। वहां रात में खाना खाने के बाद तीनों घर के लिए रवाना हो गए।
बाराचवर-सिऊरीअमहट-तिराहीपुर मार्ग स्थित बनवा नहर के पास सड़क किनारे खड़े आलू लदे पिकअप में पीछे से बाइक घुस गई। हादसे में शिव कुमार राजभर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल विशाल राम और विशाल राजभर को बाराचवर सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान विशाल राम की भी मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल विशाल राजभर को परिजन बेहतर इलाज के लिए मऊ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद चालक आलू लदा पिकअप छोड़कर भाग गया। पुलिस पिकअप को थाने ले आई और चालक की पहचान में जुट गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।
बेटे शिवकुमार राजभर की मौत के बाद मुबारकपुर जुगनू गांव स्थित आवास पर रोती-बिलखती मां रीता देवी - फोटो : 1
बेटे शिवकुमार राजभर की मौत के बाद मुबारकपुर जुगनू गांव स्थित आवास पर रोती-बिलखती मां रीता देवी - फोटो : 1