गाजीपुर। कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर ‘किसानों की आय बढ़ाओ, खेती किसानी बचाओ’ मांग को लेकर सोमवार को सपा नेता और कार्यकर्ता किसान यात्रा निकालने के लिए एकजुट हुए। किसान यात्रा निकालने के पहले ही पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, जंगीपुर विधायक डॉ. विरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह, पूर्व एमएलसी विजय यादव समेत 18 नेताओं को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया जबकि 93 कार्यकर्ताओं गिरफ्तार किया गया जिन्हें बाद में निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। हालांकि सपा कार्यकर्ता करंडा के नारी पचदेवरा गांव से मटखन्ना तक किसान यात्रा निकालने में सफल रहे।
करंडा में पुलिस की घेराबंदी के बाद भी सदर विधानसभा के सपा कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल तक पहुंच गए और यात्रा की शुरूआत की। पुलिस ने रास्ते में आकर यात्रा रोकनी चाही लेकिन कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस विफल हो र्गई। यात्रा समाप्त होने के बाद मटखन्ना में ही पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। यात्रा के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि इस देश का 70 फ़ीसदी किसान खेती कर परिवार की जीविका चलाते हैं लेकिन वे आज भुखमरी के कगार पर है। उसकी फसलें खलिहानों में सड़ रही हैं, उन फसलों का उचित मूल्य न मिलने की वजह से आज किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। देश की सरकार खेतों को पूंजीपतियों के हाथ में सौंपना चाहती है। समाजवादी पार्टी किसानों को उनके सम्मान से खिलवाड़ नहीं होने देगी। सदर विधानसभा के अध्यक्ष तहसीन अहमद ने कहा कि भाजपा ने किसानों से उनकी आय दोगुनी करने का वायदा किया था लेकिन उनकी आय तो नहीं बढ़ाई बल्कि बिजली और डीजल का दाम बढ़ाकर किसानों को और सांसत में डाल दिया। पार्टी किसानों की इस लड़ाई में पूरी तरह से उनके साथ है। गिरफ्तार होने वाले कार्यकर्ताओं में पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, जिला मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, रामवचन यादव, आमिर अली, डॉ. समीर सिंह, कमलेश यादव, परशुराम बिंद, प्रभुनाथ राम, सदानंद कनौजिया, रामविजय यादव, बलिराम यादव, सच्चेलाल यादव, सदर ब्लाक के प्रमुख आलोक कुमार, अवधेश यादव, धनंजय विश्वकर्मा, कमलेश बिंद, राजनारायण सिंह यादव, रामायण यादव, उदयप्रताप सिंह यादव, रामाश्रय यादव, नन्दलाल यादव, राजेंद्र कुमार यादव, संतोष कुमार यादव, तनवीर अहमद थे।
जंगीपुर के विधायक डा. विरेंद्र यादव को उनके जैतपुरा स्थित आवास पर क्षेत्राधिकारी नगर ओजस्वी चावला की मौजूदगी में नजरबंद किया गया। पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह को शहर स्थित आवास पर नजरबंद किया गया। युवा नेता अभिनव सिंह को कलेक्ट्रेट के पास से गिरफ्तार किया गया।
कासिमाबाद में कार्यकर्ताओें को थाने में बैठाया
कासिमाबाद। सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से यात्रा निकाली। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि कई कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए थाना के पास पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें थाने में बैठा लिया। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं में जहूराबाद विस के अध्यक्ष जयहिंद यादव, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष आशा यादव, रामवृक्ष यादव, अवधेश यादव, केशव यादव, रामप्रकाश यादव, सेराज हैदर, सुभाष राम, रामप्रीत यादव, अनिल यादव, राजू यादव, प्रदीप राजभर, सुधीर साहनी शामिल रहेे। खानपुर: पूर्व एमएलसी विजय यादव को उनके स्थानीय आवास पर पुलिस ने नजरबंद किया। सेवराई : उपजिलाधिकारी सेवराई और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार सिंह ने पूर्व पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह को उनके ही आवास पर नजरबंद कर दिया था। सुरक्षा की दृष्टि से भदौरा बस स्टैंड, यूनियन बैंक के नहर के पास, रेलवे क्रासिंग सहित विभिन्न जगहों पर पुलिस तैनात थी।
0000
इनसेट
मांग पूरा होने तक निकलती रहेगी यात्रा
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं दल के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरबंदी तथा उनकी गिरफ्तारी पर रोष व्यक्त किया। कहा कि यह सरकार की तानाशाही है। कहा कि भाजपा सरकार में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को पुलिस की लाठी और गोली के बल पर दबा रही है। सपा योगी सरकार की दमनकारी नीति के खिलाफ पुरजोर संघर्ष करेगी। किसानों की मांगों के समर्थन में समाजवादी पार्टी की किसान यात्रा जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती लगातार निकलती रहेगी।