Sonam Raghuvanshi News: मेघालय से 23 मई को लापता मध्य प्रदेश के इंदौर की सोनम रघुवंशी 17वें दिन रविवार देररात गाजीपुर में ढाबे पर मिली। पुलिस ने उसका प्राथमिक उपचार जिला अस्पताल में कराया, फिर सखी वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। सोनम अपने पति राजा रघुवंशी के साथ मेघालय गई थी। वहां राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी। उसका शव दो जून को बरामद किया गया था। तभी से सोनम की तलाश की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, इंदौर पुलिस की सूचना पर सोनम को बरामद किया गया। इस मामले की जांच मेघालय पुलिस कर रही है। सोमवार की देर रात सोनम को सीजेएम की अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की है। अब पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मेघालय जा रही है।
दूसरी तरफ, सोमवार की शाम सोनम का भाई गोविंद सहित कुछ परिजन गाजीपुर पहुंच गए। गोविंद ने बहन को निर्दोष बताया और मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि मामले में बहन दोषी हो तो, उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए।