गाजीपुर। देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शुक्रवार को शिक्षक दिवस के रूप में समारोहपूर्वक मनाई गई। इस दौरान विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम हुए। कहीं केक काटा गया तो कहीं नृत्य और कविता पाठ हुआ।
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह में प्राचार्य डॉ. अनीता कुमारी ने कहा कि गुरु हम सबको अपने जीवन में आगे बढ़ने की सीख देते हैं। इस अवसर पर डॉ. शिव कुमार, डॉ. निरंजन यादव, डॉ. सारिका, डॉ. शशिकला आदि उपस्थित रहे। इससे पहले छात्राओं ने सावित्रीबाई फुले सभागार में शिक्षकों को तिलक, पुष्प एवं कार्ड भेंट कर स्वागत किया। आद्या रघुवंशी ने स्वरचित रचना का पाठ किया। सोनाली ने स्वागत गीत, श्वेता और साथियों तथा शालू एवं साथियों ने आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत किया। संचालन आर्या राय एवं शमायला नाज तथा आभार डॉ. शिखा सिंह ने व्यक्त किया। समर्पण संस्था की ओर से संचालित राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्र में संरक्षिका सविता सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण करके कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर प्रधानाध्यापक अमरनाथ गुप्ता, अशोक कुमार यादव, अजीत कुमार गुप्ता, सुमित्रा सिंह, लक्ष्मी वर्मा, नाजिया बेगम, रागिनी सिंह आदि उपस्थित थीं। रोटरी क्लब ने शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए दाऊजी उपाध्याय, गोपाल जी पांडेय, ममता उपाध्याय तथा सुनंदा गुप्ता को अंगवस्त्र तथा उपहार सहित प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सादात क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गौरा के बच्चों ने प्रधानाध्यापक विजय चौहान, सहायक अध्यापक आनंद कुमार यादव सहित उपस्थित शिक्षकों का स्वागत और सम्मान कर उनसे आशीर्वाद लिया। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश यादव, ब्लाॅक के एआरपी रविंद्र प्रताप यादव एवं अटेवा के ब्लॉक अध्यक्ष सुनील यादव ने उपवास रखते हुए शिक्षकों को शुभकामना दी। रेवतीपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मुख्य अतिथि शिक्षक प्रवीण शुक्ला ने माल्यार्पण कर केक काटा। इस मौके पर वार्डेन मंजू चौहान, संध्या रानी, साधना उपाध्याय, पूजा श्रीवास्तव आदि रही।
जिला कारागार में शिक्षकों का किया सम्मान-गाजीपुर। शिक्षक दिवस पर जिला अपराध निरोधक कमेटी गाजीपुर की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला कारागार में बेसिक शिक्षा विभाग से संबद्ध अध्यापक धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव और अभय मौर्य को सम्मानित किया गया। दोनों शिक्षक जेल में निरुद्ध निरक्षर बंदियों को साक्षर करने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे, जेलर शेषनाथ यादव, उपकारपाल रविंद्र सिंह, जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, विनीत दुबे और विनीत चौहान भी मौजूद रहे।