राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को उनकी पात्रता के अनुसार शामिल किए जाने और अपात्र कार्डधारकों को सूची से हटाया जा रहा है। इसके लिए अंत्योदय अन्न योजना एवं पात्र गृहस्थी के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में प्रचलित राशन कार्डों की शत-प्रतिशत जांच कराने के लिए ग्राम पंचायत सचिव एवं लेखपाल की उचित दर दुकानवार एवं ग्रामसभावार जांच टीम गठित की गई है। जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने बताया कि जिले में अब तक 5783 कार्डधारकों ने अपना राशन कार्ड सरेंडर किया है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने सभी ग्राम सचिवों को निर्देश दिया है कि प्रत्येक सचिव अपने दो-दो ग्राम पंचायतों का सत्यापन एवं अवशेष ग्राम पंचायतों का लेखपाल सत्यापन करके 10 दिन के अंदर आख्या जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में अपने उच्चाधिकारियों की संस्तुति एवं प्रमाण पत्र के साथ प्रेषित करें। इसकी समीक्षा पुन: 10 दिन बाद की जाएगी। जिन कर्मचारियों का कार्य संतोषजनक नहीं होगा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। डीएसओ ने बताया कि 30 मई तक अपात्र होेते हुए लाभ ले रहे कार्डधारकों के विरुद्ध निययमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
600 लोगों ने कार्ड किया वापस
खानपुर। सैदपुर सप्लाई इंस्पेक्टर सैदपुर के कार्यालय में करीब 600 लोगों ने अपने को अपात्र घोषित करते हुए कार्ड कार्यालय को वापस कर दिया। सप्लाई इंस्पेक्टर सैदपुर सतीश चंद्र कनौजिया ने बताया कार्यालय में क्रमश: एक-एक कर रोजाना अपात्रों द्वारा अपने राशन कार्ड वापस किए जा रहे हैं। अब तक करीब 600 लोगों ने उचित कारण बताते हुए अपने राशन कार्ड वापस किए हैं। जबकि काफी लोगों द्वारा उचित कारण नहीं बताने के कारण उनके कार्ड को वापस नहीं किया गया।