बरेसर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान रविवार की रात क्षेत्र के तिराहीपुर बैरियर के पास से तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी के सामान के साथ ही नकदी भी बरामद किया। सोमवार को पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।
थानाध्यक्ष राजेश बहादुर सिंह क्षेत्र में शांति व्यवस्था के दृष्टिगत रात में पुलिस कर्मियों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान तिराहीपुर बैरियर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच तीन संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। छानबीन में पता चला कि तीनों शातिर चोर है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्त में आए अभियुक्तों में करीमुद्दीनपुर थाना के क्षेत्र के बारांचवर निवासी राजू बनवासी उर्फ टिकर, परदेशी मुसहर और दिनेश बनवासी शामिल है। इनके पास से चोरी का एक विद्युत मोटर, हैंडपंप, दो जोड़ी पायल, एक कान की कील, एक जोड़ी कमरबंद, एक जोड़ी हाथ का छल्ला, दो रिंगदार बिछिया, एक चेन की जंजीर और 20700 हजार नकदी बरामद किया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।
वहीं सेवराई के गहमर कोतवाली पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार की भोर रेवतीपुर थाना क्षेत्र के जलालपुर मुसहर डेरा से पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर 95000 नकदी, चारजोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, दो नथिया और अन्य सामान बरामद हुआ है। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि भदौरा गांव के पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम कुशवाहा के घर को चोरों ने कुछ दिन पूर्व निशाना बनाया था। भोर में भ्रमण के दौरान मुखबिर से मिली सूचना पुलिस ने रेवतीपुर थाना क्षेत्र के जलालपुर मुसहर डेरा के पास से तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद किया। पूछताछ में चोरों ने अपना नाम मुकेश उर्फ करिया, रमेश मुसहर, श्रीनिवास मूसहर निवासी जलालपुर मौजा नवली बताया। प्रभारी क्षेत्राधिकारी विधि भूषण मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार चोरों का चालान कर दिया गया।