गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के गोड़सरा गांव में मामूली विवाद को लेकर मंगलवार की देर शाम साढ़े आठ बजे बजे दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों द्वारा उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा भर्ती कराया, जहां से चार को स्थिति नाजुक होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
उसियां के मायापुरी स्थित ग्राउंड पर उसियां और गोड़सरा के बीच फुटबॉल का मैच हो रहा था। इसी बीच बस्ती के कुछ लोगों से वहां विवाद हो गया। समझाने बुझाने के बाद किसी तरह मामला शांत करा दिया गया। खुन्नस खाए विपक्षी लाठी-डंडे से लैस होकर दलित बस्ती के युवकों पर टूट पड़े और जमकर मारपीट कर लहूलुहान कर दिया।
घटना में एक पक्ष से जिनोद कुमार, विनोद, अनूप, जय कुमार, अरविंद, नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में आसपास मौजूद लोगों के द्वारा उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। सेवराई चौकी इंचार्ज राजेश बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।